रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (सीजी बोर्ड) की 12वीं परीक्षा में इस बार रिकॉर्ड सफलता दर्ज हुई है। राज्य में पहली बार एक लाख से अधिक...
रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (सीजी बोर्ड) की 12वीं परीक्षा में इस बार रिकॉर्ड सफलता दर्ज हुई है। राज्य में पहली बार एक लाख से अधिक विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए हैं। बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, कुल 2,38,626 परीक्षार्थियों में से 1,94,906 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए, जिनमें 1,00,544 छात्रों को प्रथम श्रेणी प्राप्त हुई है।
यह आँकड़ा पिछले वर्ष की तुलना में उल्लेखनीय रूप से अधिक है। वर्ष 2024 में यह संख्या 88 हजार थी, जबकि वर्ष 2020 में महज 72,385 छात्र प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए थे। इस बार 88,841 छात्रों ने द्वितीय श्रेणी और 5,516 ने तृतीय श्रेणी में सफलता प्राप्त की। इस प्रकार कुल पास प्रतिशत 81.87% रहा।
छात्राओं ने दिखाया बेहतर प्रदर्शन
इस वर्ष भी छात्राओं का प्रदर्शन छात्रों की तुलना में बेहतर रहा। प्रथम श्रेणी एवं कुल उत्तीर्ण छात्रों में लड़कियों की संख्या अधिक रही, जिससे राज्य में महिला शिक्षा की स्थिति में सुधार का संकेत मिलता है।
दसवीं में भी जारी है प्रथम श्रेणी की स्थिरता
बोर्ड के अनुसार, दसवीं बोर्ड परीक्षा में लगातार पाँचवें वर्ष एक लाख से अधिक विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में सफल हुए हैं। इस बार यह संख्या 1,26,000 रही।
रिजल्ट सुधार के लिए स्कूलों की नई रणनीति
शिक्षाविदों का मानना है कि शिक्षा स्तर में हो रहे इस सुधार के पीछे स्कूलों की बदली हुई रणनीति और छात्रों की मेहनत दोनों का योगदान है। अधिकतर स्कूलों ने परीक्षा पूर्व विशेष कक्षाएं, मॉडल टेस्ट और रिवीजन सत्र आयोजित किए, जिससे छात्रों की तैयारी सशक्त हुई।
शिक्षा विभाग ने सराहा
शिक्षा विभाग ने इस सफलता को राज्य की शिक्षा नीति की सफलता करार देते हुए कहा कि छात्रों को गुणवत्तापूर्ण संसाधन और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के प्रयास भविष्य में भी जारी रहेंगे।
No comments